Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 26 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 97 विद्यार्थियों का चयन देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। हाल ही में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कड़े चयन मानकों, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर इन छात्र-छात्राओं का चयन किया। इस बड़ी उपलब्धि से न केवल चयनित छात्रों में, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। प्लेसमेंट ड्राइव में तकनीकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों ने शिरकत की जिसमें न्यू एलेनबेरी वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड में 40 विद्यार्थी, जेबीएम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में 40 विद्यार्थी एवं स्टर्लिंग एनेमल्ड वायर्स प्राइवेट लिमिटेड में 17 विद्यार्थी चयनित हुए। सभी विद्यार्थी डिप्लोमा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर साइंस के हैं। कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की वर्तमान मांग के अनुरूप कुशल बनाना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का ही परिणाम है कि आज हमारे छात्रों को बेहतर करियर विकल्प मिल रहे हैं। संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि छात्र पेशेवर दुनिया की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर प्रो. किशन पाल सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया। वहीं, प्लेसमेंट प्रभारी डा. विपिन कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार कंपनियों से समन्वय स्थापित कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिल सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page