Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अप्रैल । जनपद के प्रतिभावन युवाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। हसायन ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम गंगापुर के मूल निवासी मानवेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSC) 2024 की परीक्षा में 130वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार रैंक के साथ उनका चयन कमर्शियल टैक्स अफसर के पद पर हुआ है। मानवेंद्र सिंह एक ऐसे परिवार से आते हैं जहाँ शिक्षा को सदैव प्राथमिकता दी गई है। उनके पिता राम निवास सिंह राजस्थान सरकार में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, वहीं उनकी माता पंकज सिंह ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के पद पर सेवाएं दे रही हैं। मानवेंद्र की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

मानवेंद्र की प्रारंभिक शिक्षा आगरा पब्लिक स्कूल, आगरा से संपन्न हुई। उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता को निरंतर विस्तार दिया। यूपीटीयू (UPTU) से बीटेक कर तकनीकी शिक्षा ग्रहण की। मनोविज्ञान विषय में एमए पूरा किया। वर्ष 2022 में नेट जेआरएफ उत्तीर्ण किया। वर्तमान में वे दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से मनोविज्ञान विषय में पीएचडी कर रहे हैं। मानवेंद्र सिंह की सफलता उनकी कड़ी मेहनत और निरंतरता का परिणाम है। 2024 की परीक्षा में सफलता का परचम लहराने के बाद भी उनके हौसले कम नहीं हुए हैं। उन्होंने यूपीएससी मुख्य परीक्षा 2025 में भी सहभागिता की है, जो उनके निरंतर सुधार और उच्च लक्ष्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page