Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 अप्रैल । क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। एसडीएम सादाबाद मनीष चौधरी ने रविवार के बाद सोमवार को भी प्रभावित गांवों का दौरा कर फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपालों को विस्तृत सर्वे कर क्षतिपूर्ति रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। लगातार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि से गेहूं और सब्जियों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। रविवार को आधे घंटे तक हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल बारिश और ओलों से भीगकर खराब होने की कगार पर है। वहीं, खड़ी गेहूं की फसल की बालियों से दाना झड़ने की आशंका जताई जा रही है। सब्जी उत्पादक किसान भी भारी नुकसान की आशंका से घिरे हैं, क्योंकि लगातार खराब मौसम के कारण खेतों में पानी भरने से सब्जियों की फसल सड़ सकती है। फसल नुकसान को देखते हुए, किसान संगठनों ने प्रशासन और शासन से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर आर्थिक मुआवजा देने की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसडीएम मनीष चौधरी ने रविवार को स्वयं कई गांवों का दौरा कर फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपालों की टीम को प्रत्येक गांव में जाकर फसल नुकसान का विस्तृत सर्वे करने के निर्देश दिए। सोमवार को भी एसडीएम मनीष चौधरी ने बिसावर क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर भीगी हुई कटी फसल, खड़ी गेहूं की फसल और बालियों को रगड़कर दानों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। एसडीएम ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण में फसलों को नुकसान की आशंका सामने आई है। लेखपालों द्वारा किए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित की जाएगी। प्रशासन की ओर से सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page