Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 मार्च । शहर के बागला कॉलेज द्वारा दयानतपुर स्थित योग वेदांत आश्रम में आयोजित सात दिवसीय विशेष एन.एस.एस. शिविर के छठे दिन विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने ‘शहीद दिवस’ पर अमर बलिदानियों को नमन किया और परिसर में सघन वृक्षारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वाणिज्य विभाग की किरण चौधरी ने ‘नारी शक्ति’ विषय पर अपने ओजस्वी विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए महिलाओं का शिक्षित और स्वावलंबी होना अनिवार्य है। वहीं, शिक्षा विभाग के विनीत सिंह और बी.एड. विभाग की डॉ. दीपा ग्रोवर ने भी स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया और उन्हें समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया।

‘शहीद दिवस’ के अवसर पर देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को याद किया गया। अतिथियों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की शपथ दिलाई। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और स्वयंसेवकों ने अमर बलिदानियों के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया। शिविर के छठे दिन ‘हरित परिसर’ अभियान के तहत अतिथियों और स्वयंसेवकों ने मिलकर फलदार एवं छायादार पौधे रोपे। स्वयंसेवकों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का जिम्मा भी लिया। कार्यक्रम अधिकारियों ने बताया कि वृक्षारोपण केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित भविष्य की नींव है। शिविर का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनय कुमार वर्मा (यूनिट-I), डॉ. ऋषिकांत (यूनिट-II) और डॉ. अंकिता (यूनिट-III) के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूजा सारस्वत, विमल, बॉबी, जयकिशन, राधा, निशांत सहित अनेक स्वयंसेवकों ने अपनी सेवा भावना से कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page