Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 मार्च । किसी उदास चेहरे पर मुस्कान लाना ही ईश्वर की सच्ची इबादत है। इसी सेवा भाव को चरितार्थ करते हुए आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम में ‘निस्वार्थ सेवा संस्थान’ द्वारा भजन-कीर्तन एवं झांकी दर्शन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। भक्ति और संवेदना से सराबोर इस आयोजन ने न केवल वातावरण को आध्यात्मिक बनाया, बल्कि आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के जीवन में उत्साह का संचार भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान के विधि-विधान से पूजन और वंदन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक मनोहर बिहारी दास, गौरव जी और बाल गायक रुद्र सारस्वत ने अपनी मधुर आवाज से समां बांध दिया। “राधे-राधे” और “श्याम तेरी बंसी” जैसे भजनों पर वृद्धाश्रम के बुजुर्ग भाव-विभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीनाथ जी की भव्य झांकी रही, जिसे फूलों और आभूषणों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती कर पुण्य लाभ कमाया।

संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज के उन बुजुर्गों तक खुशियां पहुंचाना है जो अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनकी सेवा को ही सर्वोपरि बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और प्रसाद वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य में सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल और सह सचिव तरुण राघव ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, मयंक ठाकुर, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, यश व राहुल वार्ष्णेय सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page