
हाथरस 03 अप्रैल । हाथरस के थाना हाथरस गेट में एक महिला ने अपने बेटे के साथ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थिया सन्तोष वर्मा पत्नी स्व० सुरेश चन्द्र वर्मा निवासी गंगा नगर गली न0 01 विष्णुपुरी थाना हाथरस गेट जिला हाथरस ने बताया कि उसके मकान के सामने राजू पुत्र हाकिम सिंह का मकान है, जहां संजय उर्फ टिंकू किराये पर रहता है। संजय उर्फ टिंकू अपनी ढकेल को उनके मकान के सामने गली में खड़ी करता है, जिससे निकलने में परेशानी होती है। 28 मार्च 2026 को संजय उर्फ टिंकू ने अपनी ढकेल उनके मकान के सामने खड़ी कर रखी थी, जब उनका बेटा सूरज वर्मा मोटरसाइकिल लेकर जा रहा था, तो गली में ढकेल खड़ी होने पर निकल नहीं पा रहा था। सूरज ने संजय उर्फ टिंकू से ढकेल हटाने को कहा, जिस पर संजय उर्फ टिंकू, पवन पुत्र संजय उर्फ टिंकू, रंजीत पुत्र राजू, राजा पुत्र राजू ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया और सूरज के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। राजा ने डंडे से सूरज के सिर में वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। सन्तोष वर्मा ने थाना हाथरस गेट में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





















