सिकंदराराऊ (हसायन) 02 अप्रैल । विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत जरैरा में अंजनी लाल, केसरी नंदन श्री हनुमान जी महाराज का प्राकट्योत्सव परंपरागत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरा गांव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। उत्सव की शुरुआत गांव स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। भक्तों ने पवनपुत्र की प्रतिमा पर देशी घी से निर्मित केसरिया सिंदूर अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुतियां दीं।
दोपहर में श्री हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा नारायण धाम मंदिर से होते हुए गांव के विभिन्न गली-मोहल्लों से गुजरी। शोभायात्रा में शामिल कलाकारों ने धार्मिक भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पदयात्रा का पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। शाम को मंदिर परिसर में केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण हुआ। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में संजीव कौशिक, सोनू सविता, मोनू सविता, विशाल, रामकिशन, अर्जुन, विजय, लालू, विष्णु, राकेश, नन्नू, अंकित, कौशिक, मयंक, पप्पू कश्यप, ओमप्रकाश, गणेश कुमार, अरविंद कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।





















