Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 अप्रैल । आज हनुमान जयंती के अवसर पर कस्बा, देहात में माहौल भक्तिमय रहा। विभिन्न मंदिरों में भगवान हनुमान का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और भंडारों का आयोजन किया गया। क्षेत्र के बगीची वाले हनुमान जी मंदिर, श्रीराम मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, शनिदेव मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधि-विधान से भव्य श्रृंगार किया गया। गांव कुरसंडा स्थित हनुमान बगीची मंदिर में सुंदरकांड पाठ का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंडित विकास शर्मा और उनकी ऑर्केस्ट्रा पार्टी ने मधुर धुनों के साथ सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते रहे। पाठ के समापन के बाद उपस्थित भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। गांव लुहेटा खुर्द स्थित शक्तिपीठ संकट मोचन बजरंग धाम पर महाराज श्री जानकी प्रसाद ज्योतिषाचार्य ने हनुमान जी का दुग्धाभिषेक कर भव्य श्रृंगार किया। इसके उपरांत हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर रविंद्र कुमार, नवीन कुमार, मनोज यादव, अनिल पाराशर उर्फ डब्बू पाराशर, बबलू गौतम, चंद्रेश चौधरी, योगेश शर्मा, भारत सिंह, जय चौधरी, अशोक चौधरी, सचिन कुमार, प्रवीण कुमार और रविंद्र पचेहरा सहित अन्य भक्तगण उपस्थित रहे। हनुमान जयंती के अवसर पर पूरे सादाबाद क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page