
प्रयागराज 20 मार्च । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, विस्तृत विज्ञापन 25 मार्च 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू कर दी जाएगी। इस बार आयोग ने व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) को अनिवार्य कर दिया है। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को मुख्य आवेदन करने से पहले अपनी प्रोफाइल का पंजीकरण ओटीआर के माध्यम से पूर्ण करना होगा, जिसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह परीक्षा पूर्व की भांति दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे। अभ्यर्थियों को पंजीकरण और परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए 26 अप्रैल 2026 तक का समय दिया गया है। यदि आवेदन में कोई त्रुटि रह जाती है, तो उसके संशोधन और शुल्क समाधान के लिए अंतिम तिथि 1 मई 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने सलाह दी है कि अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले सूचना पुस्तिका में दी गई अर्हता और दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े।

























