Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 मार्च । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की देर शाम थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत प्रताप चौराहे के निकट एक अनियंत्रित जेसीबी ने बाइक सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सादाबाद जाते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के थाना गौंडा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देव नगला निवासी 45 वर्षीय अजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजीत सिंह मंगलवार शाम अपनी बाइक से किसी निजी कार्य के सिलसिले में अपने गाँव से सादाबाद जा रहे थे। जैसे ही वह प्रताप चौराहे के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रही एक जेसीबी ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची सरकारी एंबुलेंस के जरिए अजीत सिंह को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। देर रात ही परिजन जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुँच गए। अजीत सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को रोते-बिलखते छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

सूचना पाकर पहुँची स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बुधवार को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और फरार जेसीबी चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page