
हाथरस 15 मार्च । शहर के नवीपुर नई बस्ती क्षेत्र में रविवार दोपहर एक गलीचा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुट गए और खुद ही आग बुझाने का प्रयास करने लगे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है कि यह गलीचा फैक्ट्री नेत्रपाल की है। हाथरस में गलीचा उद्योग लंबे समय से कुटीर उद्योग के रूप में संचालित होता है और कई परिवार इससे जुड़े हुए हैं। आग बुझाने के प्रयास के दौरान फैक्ट्री मालिक नेत्रपाल भी झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार आग लगने का कारण संभवतः फैक्ट्री के बाहर गली में जल रहा कूड़ा हो सकता है, जिसकी चिंगारी फैक्ट्री तक पहुंच गई। हालांकि अभी तक नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
























