
मथुरा 09 मार्च । राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट के एमबीए विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। हाल ही में हुई आनलाइन प्लेसमेंट प्रक्रिया में शानदार सफलता हासिल करते हुए संस्थान के चार विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित कम्पनी डाटा टेक प्रा.लि. में रुपये 7.20 लाख वार्षिक पैकेज पर सेवा का अवसर हासिल किया है। इस सफलता से चयनित विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। डाटा टेक प्रा.लि. द्वारा आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में कम्पनी के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रबंधन क्षमता, संचार कौशल, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता का मूल्यांकन किया। विभिन्न चरणों में आयोजित ऑनलाइन टेस्ट, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया। संस्थान के ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट प्रमुख डॉ. विकास जैन ने बताया कि डाटा टेक प्रा.लि. में चयनित विद्यार्थियों में एमबीए की अंशिका कंडवाल, मदन गोपाल शर्मा, नीरज सोनी तथा शिवांग वर्मा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और प्रबंधन कौशल का परिचय दिया।
डॉ. जैन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और संस्थान द्वारा प्रदान किए गए उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी वातावरण में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और व्यावहारिक समझ भी अत्यंत आवश्यक है। संस्थान विद्यार्थियों को इन सभी पहलुओं में मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता है, जिससे वे कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल और निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर नए प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और प्लेसमेंट गतिविधियां आयोजित करती रहती है। डॉ. सक्सेना ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगी तथा उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी।



































