Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 28 फरवरी । के.डी. कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरा मेडिकल साइंस में शनिवार को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि केडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और डीन डॉ. आर.के. अशोका के करकमलों से मेडल तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिवाजी हाउस को विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के लिए जहां ओवरआल चैम्पियन ट्रॉफी प्रदान की गई वहीं रोहित ठाकुर और भावना को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। चार दिन तक चली विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने न केवल उत्साह-उमंग के बीच सहभागिता की बल्कि अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। छात्रों की रस्साकशी में भगत सिंह हाउस ने गोल्ड तो आजाद हाउस ने सिल्वर मेडल जीता। छात्राओं की इसी स्पर्धा में शिवाजी हाउस ने गोल्ड तो विवेकानंद हाउस ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। क्रिकेट में आजाद हाउस विजेता तथा महामना हाउस उप-विजेता रहा। वॉलीबाल में भगत सिंह हाउस को गोल्ड तो विवेकानंद हाउस को सिल्वर मेडल मिला। छात्रों की शतरंज स्पर्धा में भगत सिंह हाउस ने गोल्ड तो आजाद हाउस ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। छात्राओं की शतरंज स्पर्धा में शिवाजी हाउस विजेता तथा विवेकानंद हाउस उप-विजेता रहा।

छात्रों की कैरम स्पर्धा में तिलक हाउस को गोल्ड तथा सुभाष हाउस को सिल्वर मेडल मिला। इसी स्पर्धा में सुभाष हाउस की छात्राओं ने गोल्ड तो महामना हाउस ने सिल्वर मेडल जीता। छात्रों की 100 मीटर दौड़ में शिवाजी हाउस ने गोल्ड तो सुभाष हाउस ने सिल्वर मेडल जीता, छात्राओं की इसी स्पर्धा में महामना हाउस विजेता तथा भगत सिंह और विवेकानंद हाउस संयुक्त रूप से उपविजेता रहे। छात्रों की गोलाफेंक में शिवाजी हाउस को गोल्ड तथा आजाद हाउस को सिल्वर मेडल मिला। छात्राओं की गोलाफेंक स्पर्धा भगत सिंह हाउस ने जीती तथा उपविजेता शिवाजी हाउस रहा। छात्रों की लम्बीकूद में शिवाजी हाउस ने गोल्ड तो महामना हाउस ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। छात्राओं की लम्बीकूद में भगत सिंह हाउस को गोल्ड तो शिवाजी हाउस को सिल्वर मेडल मिला। केडी विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में सभी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जीवन में शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहना बहुत जरूरी है। श्री अग्रवाल ने कहा कि शरीर और दिमाग को विकसित करने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीन डॉ. आर.के. अशोका ने विजेता तथा उप-विजेता छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है। हमें हारने पर निराश होने की बजाय यह ध्यान देना चाहिए कि गलती कहां हुई। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य एवं अच्छी समझ जीवन के दो सर्वोत्तम वरदान हैं, इन दोनों की प्राप्ति के लिए जीवन में खिलाड़ी भावना से खेलना आवश्यक है। आप लोगों ने जिस उत्साह और उमंग के बीच चार दिन तक खेलों में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया उसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है।

स्पर्धा के समापन अवसर पर के.डी. कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरा मेडिकल साइंस की प्राचार्या डॉ. नंदीबाम फजाटन चानू ने मुख्य अतिथि डॉ. आर.के. अशोका का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा बहुमूल्य समय देने के लिए आभार माना। उप प्राचार्य डॉ. गौरव त्यागी ने केडी विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन इनके कुशल मार्गदर्शन से ही सम्पन्न हो सका। इस अवसर पर संकाय सदस्यों नितेश सोगरवाल, तरुषी सोर, दर्शन चतुर्वेदी, हेमंत शर्मा, यशिका शर्मा, प्रियंका, मिली माहौर, शिवानी, लोकेश, अर्पित, एओ अभय शर्मा, नरेन्द्र गोस्वामी, अजीत सिंह आदि ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page