सिकंदराराऊ (हसायन) 25 फरवरी । केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी क्रम में, कस्बा के गडोला मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। शाखा प्रबंधक मंजू बघेल ने बैंक की दिवंगत उपभोक्ता विनीता देवी (निवासी इटरनी) के पति विशन कुमार को बीमा योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से उनके खाते में हस्तांतरित कर लाभान्वित किया।
शाखा प्रबंधक मंजू बघेल ने बताया कि विनीता देवी का बैंक में खाता संचालित था और उन्होंने इस बीमा योजना का लाभ लिया हुआ था। उनकी मृत्यु के उपरांत उनके पति विशन कुमार ने आवश्यक प्रपत्र कार्यालय में जमा किए। बैंक प्रबंधन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कागजातों का ऑनलाइन सत्यापन किया और क्लेम की प्रक्रिया पूर्ण कर सहायता राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेज दी। इस अवसर पर सह-शाखा प्रबंधक विनय कुमार, इटरनी प्रधान टिंकू सगर और लाभार्थी विशन कुमार मौजूद रहे। विशन कुमार ने बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अन्य ग्रामीणों को भी इस कल्याणकारी योजना के प्रति जागरूक करेंगे। शाखा प्रबंधक ने क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं से भी अनुरोध किया कि वे सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैंक द्वारा संचालित विभिन्न बीमा योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।













