सिकंदराराऊ (हसायन) 23 फरवरी । नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह, मोहल्ला अहीरान में आज उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासियों ने सड़क पुनर्निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। होलिका स्थल के निकट गली में चल रहे इस कार्य को लेकर मोहल्लेवासियों ने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। मोहल्ला अहीरान स्थित होलिका स्थल वाली गली में करीब तीन लाख उन्यासी हजार रूपए की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क के उठान और नाली पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इत्र व्यापारी दुर्गा प्रसाद यादव और पारथ यादव सहित अन्य वाशिंदों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में शासन द्वारा निर्धारित मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि ठेकेदार रामकुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहने के बजाय मेठ पप्पू सिंह के माध्यम से कार्य करा रहे हैं। नाली निर्माण में अव्वल दर्जे की ईंटों के स्थान पर पीली (दोयम दर्जे की) ईंटों का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा है। सड़क उठान के नाम पर नई इंटरलॉकिंग ईंटों की जगह पुरानी और जर्जर ईंटों को ही दोबारा लगाया जा रहा है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य मानक के अनुसार नहीं हुआ, तो वे नगर पंचायत के हर निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराएंगे। हंगामे के बाद जब मेठ ने ठेकेदार रामकुमार से फोन पर बात कराई, तो ठेकेदार ने स्पष्ट किया कि पुनर्निर्माण कार्य स्वीकृत धनराशि के भीतर ही मानकों के अनुसार कराया जा रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि जहां पुरानी ईंटें कम पड़ेंगी, वहां नई ईंटों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही होलिका दहन स्थल पर होली रखे होने के कारण फिलहाल वहां काम नहीं किया गया है, जो होलिका दहन के बाद पूरा कराया जाएगा।











