
हाथरस 21 फरवरी । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार, कल रविवार को आगरा रोड स्थित दौलतराम बारहसैनी इण्टर काॅलेज में एक विशाल ‘मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस शिविर की तैयारियों का शनिवार को प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी एवं जिला विकास अधिकारी (DDO) पी.एन. यादव ने मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान पंडाल और स्टालों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। सचिव अनु चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के आम नागरिकों, विशेषकर गरीब, वंचित और असहाय वर्ग को एक ही स्थान पर न्यायिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर में राजस्व, पुलिस, श्रम, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित कुल 27 विभागों द्वारा 38 स्टॉल लगाए जाएंगे। यहाँ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और चिकित्सा सहायता जैसी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही, आमजन को निःशुल्क विधिक परामर्श और मध्यस्थता के माध्यम से पुराने मामलों के निस्तारण की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला प्रशासन और प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे रविवार को अधिक से अधिक संख्या में अपने आवश्यक दस्तावेजों (जैसे आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र आदि) के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण कराएं। शिविर का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी लाभ से वंचित न रहे और उसे अपनी समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान मिल सके।














