जेवरात व 1.25 लाख रुपये न लौटाने का आरोप, बुजुर्ग महिला ने पुलिस से लगाई गुहार, आत्महत्या की चेतावनी

हाथरस 20 फरवरी । हाथरस जनपद के थाना हसायन कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला ने अपनी विवाहित बेटी और धेवते पर जेवरात और नकदी न लौटाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। गांव खिटौली निवासी चमेली देवी पत्नी जोधपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी एक सोने का पेंडल, दो जोड़ी कुंडल, एक सोने की अंगूठी और 1.25 लाख रुपये नकद ले गई थी। बेटी बुलंदशहर के थाना पहासू क्षेत्र के एक गांव में रहती है। चमेली देवी के अनुसार, उन्होंने कई बार अपनी बेटी से जेवरात और नकदी वापस मांगी, लेकिन बेटी ने लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायती पत्र लिखित तहरीर में बुजुर्ग महिला ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बेटी ने जेवरात और नकदी वापस नहीं की, तो वह आत्महत्या कर लेंगी। इसके लिए उन्होंने अपनी बेटी और धेवते को जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम ने बताया कि बुजुर्ग महिला की लिखित तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
















