
अलीगढ़ 20 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंस (डीएएचएस) के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केडी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को अस्पताल की कार्यप्रणाली, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, रोगी देखभाल प्रणाली तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न आयामों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। भ्रमण के लिए विद्यार्थियों को संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने विश्वविद्यालय परिसर से रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विद्यार्थियों का पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे तकनीकी दक्षता के साथ-साथ संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को भी अपने व्यवहार में शामिल करें, जिससे वे भविष्य में एक उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मी बन सकें। शिक्षक आकाश दीप सिंह, विनोद कुमार व शुभम पुनेडा के नेतृत्व में मथुरा स्थित मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, रेडियोलॉजी विभाग, पैथोलॉजी लैब, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू तथा ओपीडी की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। चिकित्साधिक्षक डा. गगनदीप ने चिकित्सा शिक्षा के महत्व और आधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर जानकारी प्रदान की।
















