
अलीगढ़ 12 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय के सभागार में यूआईआईसी और आईबीएमसी के संयुक्त तत्वावधान में स्टार्टअप एवं उद्यमिता विषयक एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डीन एफएमसी प्रो. राजीव शर्मा ने स्वागत संबोधन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए एक सशक्त विकल्प बनकर उभर रही है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिंगलेट लोक्स के संस्थापक अमित सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्टार्टअप शुरू करने में स्पष्ट विजन और नवाचार की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता के लिए सबसे पहले सही प्रोडक्ट का चयन करना आवश्यक है। इसके बाद प्रोडक्ट की डिजाइनिंग, कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग और अंततः उसे प्रभावी ढंग से बाजार तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले जॉब क्रिएटर बनने का लक्ष्य रखें। फाइनेंस एक्सपर्ट हर्षित जैन ने स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और मुख्यमंत्री युवा योजना जैसी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भारत में रोजगार सृजन की संभावनाएं बहुत हैं। हालांकि, योजना और मार्गदर्शन के अभाव में स्टार्टअप असफल हो जाते हैं, इसलिए रणनीतिक योजना अत्यंत आवश्यक है। पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक अजय शुक्ला ने स्टार्टअप के लिए फंडिंग के स्रोत, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में यूआईआईसी प्रबंधक डा. विपिन कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन डा. दीपिका बांदिल ने किया। कार्यक्रम में डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा, प्रो. सिद्धार्थ जैन, प्रो. अनुराग शाक्य, डा. उन्नति, डा. नियति, डा. शालू, डा. सुजीत, डा. अरसलान, डा. उसामा एजाज आदि उपस्थित रहे।

















