
अलीगढ़ 11 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय में नाइजीरिया के प्रख्यात राजनीतिज्ञ एवं कानो राज्य के पूर्व राज्यपाल राबिउ मूसा क्वांकवासो का गरिमामय स्वागत किया गया। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय परिसर में औपचारिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने उनका अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह व परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश कुमार शर्मा ने भी अतिथियों के स्वागत में सहभागिता निभाई। बता दें कि राबिउ मूसा क्वांकवासो नाइजीरिया में राज्यपाल, चौथे गणराज्य में रक्षा मंत्री तथा सीनेटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित जननेता के रूप में पहचाने जाते हैं। उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल में अबू बकर सदीक भी शामिल रहे।
मंगलायतन विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान राबिउ मूसा ने इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, फार्मेसी, आर्ट सहित विभिन्न संकायों का निरीक्षण किया और यहां की शैक्षणिक एवं प्रयोगात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं तथा अनुसंधान सुविधाओं को देखा और विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही वैश्विक स्तर की शिक्षा की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय में अध्ययनरत नाइजीरिया के विद्यार्थियों से भी भेंट की और उनके अनुभवों के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, संकाय सदस्यों के सहयोग एवं बहुसांस्कृतिक परिवेश की प्रशंसा की। राबिउ मूसा ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला है और भारत जैसे देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना नाइजीरियाई विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने विश्वविद्यालय की स्थापना, उपलब्धियों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की आशा जताई। इस अवसर पर विकास चड्डा, प्रो. अम्बरीष शर्मा, प्रो. राजीव शर्मा, मनोज गुप्ता, आदि थे।
















