
लखनऊ 05 फरवरी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज़ मांझे को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में अब चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौत को हादसा नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यूपी में पहले से प्रतिबंधित होने के बावजूद चाइनीज़ मांझा दुकानों पर बिकने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने कड़ी कार्रवाई का मन बना लिया है। लखनऊ में चाइनीज़ मांझे से एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया है। बाजारखाला क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने हैदरगंज और मोतीझील सहित कई इलाकों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद किया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाइनीज़ मांझा बेचने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी। सरकार का यह कदम आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे चाइनीज़ मांझे का प्रयोग न करें और इसकी बिक्री या उपयोग की सूचना तुरंत पुलिस को दें।













