Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 01 फरवरी । थाना हसायन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा हसायन के बाहरी इलाके कौंडरा-नगला विजन मार्ग पर स्थित नगर पंचायत के जल निकासी नाले में रविवार, 1 फरवरी को 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। शव ग्यारह दिन पहले लापता हुए व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिससे कस्बा और देहात क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, नाले में शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। शव का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मौके पर पहुंचे डायल 112 और कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की पहचान सोनपाल पुत्र बाबूलाल, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी गांव अंडौली के रूप में हुई। मृतक के पुत्र अवतार ने बताया कि उनके पिता 22 जनवरी से घर से लापता थे। लापता होने के बाद उन्होंने पूरे गांव और रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोनपाल के पुत्र अवतार और दीपक मौके पर पहुंचे और नाले में पिता का क्षत-विक्षत शव देखकर करुण विलाप करते हुए रोते दिखाई दिए। मृतक के चार संतानें हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियाँ शामिल हैं, और उन्होंने अपनी दो पुत्रियों और एक पुत्र की शादी कर दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page