
हाथरस 01 फरवरी । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। भाजपा नेताओं ने जहां बजट को ऐतिहासिक और विकासोन्मुख बताया, वहीं विपक्षी दलों ने इसे आम जनता के लिए निराशाजनक करार दिया। सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार के सुशासन में देश की अर्थव्यवस्था विश्वास और विकास के नए अध्याय की ओर बढ़ रही है। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने बजट को समावेशी विकास का दस्तावेज बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री का आभार जताया। पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने भी इस बजट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को गति देगा। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने बजट को जनविरोधी बताते हुए कहा कि इसमें महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा और बसपा जिलाध्यक्ष राज कपूर ने भी बजट पर सवाल उठाते हुए इसे गरीब और बहुजन हितों के विपरीत बताया। दूसरी ओर युवा सीए प्रतीक अग्रवाल ने बजट को संतुलित बताते हुए कहा कि इसमें रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर, कर सुधार और आर्थिक स्थिरता पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आने वाले समय में देश के विकास को नई गति मिलेगी।

















