
हाथरस 01 फरवरी । खेल भावना, आपसी सौहार्द और सामाजिक संदेश से भरपूर क्रिकेट मुकाबले में दून प्रिंसिपल्स XI ने हाथरस डॉक्टर्स XI को 7 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की, लेकिन अपने अनुशासन, खेल भावना और जुझारू प्रदर्शन से हाथरस डॉक्टर्स XI ने दर्शकों का दिल जीत लिया। हाथरस में खेले गए 12 ओवर के इस रोमांचक मैच में हाथरस डॉक्टर्स XI ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 125 रन बनाए, जिसके जवाब में दून प्रिंसिपल्स XI ने 10.4 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
हाथरस डॉक्टर्स XI की पारी में डॉ. सौरभ ने 30 गेंदों में 43 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को मज़बूत आधार दिया। डॉ. प्रदीप ने 18 रन का योगदान दिया, जबकि डॉ. मोहित गर्ग ने 14 रन बनाने के साथ विकेटकीपर के रूप में दो महत्वपूर्ण कैच लपके। कप्तान डॉ. दीपक शर्मा ने बल्लेबाज़ी में 9 रन जोड़ते हुए टीम को सहयोग दिया।
गेंदबाज़ी में हाथरस डॉक्टर्स XI की ओर से डॉ. नितिन ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ दो विकेट झटके और एक समय हैट्रिक के क़रीब पहुँचकर मुकाबले में रोमांच भर दिया। वहीं कप्तान डॉ. दीपक शर्मा ने उनकी “दूसरा” तकनीक पर आधारित स्पिन गेंदबाज़ी ने बल्लेबाज़ों को लगातार उलझाए रखा और रन गति पर प्रभावी अंकुश लगाया। उनकी यह गेंदबाज़ी क्रिकेट प्रेमियों के बीच विशेष चर्चा का विषय रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून प्रिंसिपल्स XI की टीम ने आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाज़ी की। कप्तान प्रिंसिपल जे.के. अग्रवाल ने अनुभव और संयम का परिचय देते हुए नाबाद 44 रन बनाए। मयंक अत्रेय ने 36 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि नीरज पांडे ने 19 रन बनाकर जीत को औपचारिक रूप दिया। दून प्रिंसिपल्स XI की गेंदबाज़ी में हर्षित अग्रवाल और सोनू ने मध्यम गति की सटीक गेंदों से विपक्षी बल्लेबाज़ों पर दबाव बनाए रखा। ऋतिक ने अपनी धारदार गंदबाज़ी से 4 विकेट हासिल किए। मैच के समापन पर डॉ. विनोद सक्सेना ने उत्कृष्ट नेतृत्व और शानदार बल्लेबाज़ी के लिए प्रिंसिपल जे.के. अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
कप्तानों और आयोजक के विचार
प्रिंसिपल जे.के. अग्रवाल (कप्तान, दून प्रिंसिपल्स XI) ने कहा कि यह मैच जीत से अधिक आपसी सहयोग, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का प्रतीक रहा। डॉक्टर्स के साथ मैदान साझा करना हमारे लिए सम्मान की बात है। डॉ. दीपक शर्मा (कप्तान, हाथरस डॉक्टर्स XI) ने कहा कि खेल का असली उद्देश्य जुड़ाव और फिटनेस है। हमारी टीम ने पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ खेला। डॉ. दीपक सक्सेना ने कहा कि शिक्षा और चिकित्सा जगत का यह संगम समाज को सकारात्मक दिशा देता है। खेल के माध्यम से जो स्वास्थ्य और सौहार्द का संदेश गया है, वह अत्यंत प्रेरक है।
















