
लखनऊ 13 दिसंबर । केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हाेंगे। यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए उन्हाेंने शनिवार काे अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं किया ताे पंकज भाजपा उत्तर प्रदेश के नए चौधरी हाे गए। पंकज चौधरी ने पार्षदी से राजनीति की शुरुआत की और केंद्र सरकार में मंत्री तक बने। पार्टी में इसे विपक्ष के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की काट के तौर पर भी देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष की रेस में प्रमुख लोगों में महाराजगंज के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ही थे, जिन्होंने शनिवार को नामांकन भरा। कुर्मी बिरादरी से आने वाले पंकज सात बार के सांसद हैं और गोरखपुर के रहने वाले हैं। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हैं। पंकज चौधरी अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। ये वही पंकज चौधरी हैं, जिनके घर एक बार 200 मीटर पैदल चलकर पीएम मोदी गए थे। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का भी नाम चर्चा में है था। वह राज्यसभा सदस्य हैं और लोध बिरादरी से आते हैं। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य व साध्वी निरंजन ज्योति का भी नाम चल रहा था। दलित चेहरों में विनोद सोनकर, विद्या सागर सोनकर व जुगल किशोर का नाम भी रेस में था।
पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने सीएम योगी आदित्यनाथ
पंकज चौधरी के प्रस्तावकाें में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री कैशव प्रसाद माैर्य व ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, एके शर्मा, कमलेश पासवान, असीम अरुण, सुरेश कुमार खन्ना व बेबी रानी मौर्य हैं। 17वें प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा 14 दिसंबर (रविवार) को होगी। केंद्रीय चुनाव अधिकारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 14 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगे। रविवार को चुनाव डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बहुप्रतीक्षित चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसमें कुल 464 मतदाता शामिल हैं। इनमें 5 सांसद, 26 एमएलए, आठ एमएलसी व 425 प्रांतीय परिषद के सदस्य व जिला अध्यक्ष हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की देखरेख में शनिवार को नामांकन पत्र भरे जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा रविवार को होगी। प्रदेश संगठन के चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार 13 दिसंबर को नामांकन पत्र दोपहर दो से तीन बजे तक दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर तीन से शाम चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम चार से पांच बजे तक नामांकन पत्र वापस लेने की प्रक्रिया निर्धारित है। यह पूरा कार्यक्रम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होगा। केंद्रीय चुनाव अधिकारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 14 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। रविवार को चुनाव डा. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में स्थित डा. आंबेडकर सभागार में होगा। इससे पहले प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।














