हाथरस 22 फरवरी । समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेली द्वारा एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की कन्या के विवाह हेतु आवश्यक सामग्री प्रदान करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रंग भवन, रवि कुंज, कंचन नगर, आगरा रोड, हाथरस में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रुप के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रुप की अध्यक्ष शालिनी वार्ष्णेय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद कन्या को गृहस्थी की स्थापना में सहायता प्रदान करना है। इस नेक कार्य में सभी सदस्यों ने स्वेच्छा से अपनी ओर से आर्थिक सहयोग और आवश्यक सामग्री भेंट की। इस दौरान कन्या को विवाह में उपयोगी सामग्री जैसे कूलर, बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम में सभी सदस्यों का विशेष उत्साह देखने को मिला, और सभी ने एकजुट होकर इस कार्य को सफल बनाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष शालिनी वार्ष्णेय, सचिव मीनाक्षी शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रीति वार्ष्णेय, उपाध्यक्ष इंदु शर्मा और गुंजन गर्ग, यूनिट डायरेक्टर सीमा वार्ष्णेय, सहित ग्रुप के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस नेक कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और कन्या को शुभकामनाएं दीं। जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेली द्वारा किए गए इस प्रयास की सभी ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे समाजसेवी कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।