
हाथरस 18 मार्च । आगामी चैत्र नवरात्रि, भगवान परशुराम शोभायात्रा और ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार, 18 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्री रामानंद कुशवाहा ने भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र का भ्रमण किया। पैदल गस्त के दौरान एएसपी ने विशेष रूप से परशुराम शोभायात्रा के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेंद्र कृष्ण नारायण, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर और यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने शोभायात्रा मार्ग में आने वाले प्रमुख स्थलों—चित्रकूट वाटिका, बस स्टैंड, बुर्जवाला कुआं तिराहा, चूनाडंडा, सादाबाद गेट चौराहा, चामंड गेट, जामा मस्जिद चौराहा, नयागंज, पत्थर बाजार, लोहट बाजार, रुई मंडी, बैनीबाजार और कमला बाजार चौराहा का गहन अवलोकन किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन के लिए संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी खाका तैयार किया गया ताकि आमजन को असुविधा न हो।
पैदल गस्त के दौरान एएसपी ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने अपील की कि आगामी चैत्र नवरात्रि और ईद-उल-फितर के त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


























