
हाथरस 18 मार्च । ईद-उल-फितर की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुरसान गेट स्थित ईदगाह पर नमाज को लेकर साफ-सफाई और रंगाई-पुताई चल रही है, ताकि नमाजियों को असुविधा न हो। मुस्लिम इंतजामिया कमेटी द्वारा ईद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ईद-उल-फितर के पावन पर्व को लेकर मुस्लिम इंतेज़ामिया कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक कामरेड भगवान मार्ग स्थित मुरसान गेट ईदगाह पर आयोजित की गई। कमेटी के सदर राहत अहमद कुरैशी और इरफान कुरैशी की सदारत में हुई इस मीटिंग में ईद की नमाज़ के समय और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
चाँद दिखने पर 20 या 21 मार्च को होगी नमाज़
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 20 या 21 मार्च 2026 को चाँद दिखने के आधार पर ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। मुरसान गेट ईदगाह में ईद की नमाज़ सुबह 7:45 बजे अदा की जाएगी। नमाज़ जनाब मौलाना मोहम्मद इकबाल साहब द्वारा अदा कराई जाएगी, जबकि ईद की विशेष तकरीर जनाब मौलाना हारून नदवी करेंगे। इंतेज़ामिया कमेटी ने अकीदतमंदों से समय पर ईदगाह पहुँचने और त्योहार को शांति व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। बैठक के दौरान ईदगाह परिसर में सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में जनरल सेक्रेटरी कुर्बान अली शहजादे, उपाध्यक्ष मुस्ताक अहमद, डॉ. रईस अहमद अब्बासी, हाजी कमर अहमद, आवाद कुरैशी, शकील कुरैशी, शकील सैफी, जाफर अली फोरमैन, हाजी साबिर अली, मोहन खाँ (मुवीन), मुवीन खाँ और बाबर खान सहित कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


























