
सासनी 20 अप्रैल । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 93 पर कंकाली मंदिर के पास सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार और स्कूटर की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक अनियंत्रित कार ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल की पहचान सासनी गेट, हाथरस निवासी राकेश पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सड़क पर पड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। घायल राकेश को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
























