
हाथरस 15 मार्च । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के मीतई गांव में बंद मकान से चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है। मीतई निवासी जितेंद्र शर्मा उर्फ कन्हैया बाबा ने चंदपा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह 12 मार्च को अपने परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, पीतल और कांसे के बर्तन चोरी कर लिए। जब वह वापस घर लौटे तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखा कीमती सामान गायब है। इसके बाद उन्होंने रविवार को चंदपा कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। वहीं मामले में श्याम सिंह का कहना है कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


























