
हाथरस 02 अक्टूबर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए की। इसके बाद प्रशिक्षकों, कार्यालय कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने भी दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके उपरांत स्टेडियम में 5 किलोमीटर पुरुष एवं 3 किलोमीटर महिला वर्ग की वॉक रेस (पैदल चाल) प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी पीएन यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता के समापन पर उप जिलाधिकारी राजबहादुर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने तथा एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में कुल 78 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 55 पुरुष और 23 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में निर्णायकों सोमेश, शिवम, लोकेश, नितिन, सुजी यादव, अंसार हुसैन, वर्षा रानी और सीमा सागर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव की देखरेख में संपन्न कराया गया। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में दीपक ने प्रथम, प्रीतम ने द्वितीय, विराट ने तृतीय, दिवान सिंह ने चतुर्थ, गौरव सिंह ने पंचम और सतेन्द्र सिंह ने छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में नीरू शर्मा प्रथम, तनिष्का द्वितीय, सोम्या शर्मा तृतीय, कीर्तिमा चतुर्थ, स्नेहा पंचम और जान्वी छठे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं खेल विभाग से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल रहा।




