Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 17 मई । स्थानीय पुलिस प्रशासन ने राष्ट्रीय विप्रा एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं परशुराम शोभायात्रा के परंपरागत मुख्य आयोजक मित्रेश चतुर्वेदी को शोभायात्रा में शामिल होने से रोकने के उद्देश्य से रविवार को ब्राह्मणपुरी स्थित उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें भगवान परशुराम की शोभायात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कोई भी शक्ति उन्हें ब्राह्मण समाज के हित में कार्य करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा, “मेरा जीवन समाज के लिए पूरी तरह समर्पित है और अंतिम सांस तक समाज के हितों की लड़ाई जारी रहेगी। समाज को राजनीति के लिए बांटने वाले लोग सचेत हो जाएं। उनकी इस चाल को सफल नहीं होने दिया जाएगा और समाज के सामने पूरी सच्चाई लाई जाएगी।” मित्रेश चतुर्वेदी ने बताया कि वह लगातार कई वर्षों से परशुराम शोभायात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का संदेश है कि अत्याचार सहना भी उतना ही बड़ा पाप है जितना अत्याचार करना। इसी प्रेरणा के साथ सत्य और समाज के सम्मान की लड़ाई हमेशा जारी रहेगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page