हाथरस 14 सितम्बर। एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में बुद्धि, समृद्धि, विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित श्री स्वतंत्र कुमार गुप्त, पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती शैलकांता गुप्ता, प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एड.), प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय एवं आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या प्रीति यादव ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एड.) ने गणेश उत्सव को बुद्धि और विवेक का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का विशाल मस्तिष्क व्यापक सोच एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का संदेश देता है, जबकि उनके विशाल कान भारतीय संस्कृति को समझने और दूसरों की बात सुनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनसमस्याओं को सुनना, असहमति को समझना तथा संवाद के माध्यम से सामाजिक तनाव को कम करना आवश्यक है।
उन्होंने भगवान गणेश की छोटी आंखों को एकाग्रता, सूंड को अनुकूलन एवं कार्य-कुशलता, एक दंत को लक्ष्य के प्रति सकारात्मक सोच और उनके वाहन मूषक को इस संदेश का प्रतीक बताया कि छोटी से छोटी शक्ति भी महत्वपूर्ण होती है। संस्था के डायरेक्टर एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित श्री स्वतंत्र कुमार गुप्त ने गणेश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा की निर्मलता एवं शिक्षा से जोड़ते हुए कहा कि धार्मिक उत्सवों को आस्था और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने के साथ सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब गणेश उत्सव को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ समाज सुधार और जन-जागरण से जोड़ा जाएगा, तभी ‘गणपति बाप्पा मोरया’ की सामूहिक पुकार सार्थक होगी। इस अवसर पर आशी एवं अर्पित ने भगवान श्री गणेश का स्वरूप धारण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को आशीर्वाद दिया। वहीं प्रनिका, राघव, लावन्या, वेदिका, नव्या, कल्प, जानवी, भूमिका, अल्केश, परिधि एवं उपासना द्वारा प्रस्तुत ‘ओ माई फ्रेंड गणेशा’ की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रद्युम्न एवं मिस्टी द्वारा भगवान गणेश के पिता देवाधिदेव महादेव के ‘शिव रुद्राष्टकम’ का मधुर लय, स्वर एवं भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति के दौरान पूरा वातावरण शिव-गणेशमय हो गया और उपस्थित लोगों ने तालियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय मिश्रा, जीत द्विवेदी, अंकित गुप्ता, पुनीत गुप्ता, पुनीत वार्ष्णेय, आर.के. शर्मा, श्रुति कौशिक, जीतू अरोरा, सत्यवती, श्याम सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा जादौन एवं रिद्धि अग्रवाल ने किया। अंत में संस्था के डायरेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार गुप्त ने विद्यार्थियों से भगवान श्री गणेश के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर बुद्धि, विवेक, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और कार्य-कुशलता को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।










