Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में बलदेव छठ का पर्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एडवोकेट) ने भगवान बलदेव एवं रेवती मैया के छवि-चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर हर्षित गुप्ता ने बताया कि बलदेव छठ का संबंध भगवान श्री बलराम से है। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को ब्रज के राजा और भगवान श्रीकृष्ण के अग्रज बलदेव जी का जन्मोत्सव ब्रज क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। देव छठ के अवसर पर दाऊजी में विशाल मेले का आयोजन होता है तथा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन किए जाते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने भगवान श्री बलदेव के जीवन एवं ब्रज से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष हाथरस में श्री दाऊजी महाराज मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी मेले का आयोजन 15 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रकार के झूले, खेल-तमाशे, जादूगर और कठपुतली शो सहित कई आकर्षण होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर शैलकान्ता गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, आरकेएसके की प्रधानाचार्या प्रीति यादव, उप-प्रधानाचार्या शाजिया रफीक खान, डॉ. रेखा जादौन, ऋद्धि अग्रवाल, शारदा रावत, निधि अरोरा, हिमांशु वार्ष्णेय, संजय मिश्रा, सत्यवती, पुनीत वार्ष्णेय, पुनीत गुप्ता, जीतू अरोरा, श्याम सिंह सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page