
हाथरस 02 अक्टूबर। हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मैनपुरी के ईंट भट्ठा संचालक से 7.83 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के इटावा रोड निवासी संजीव कुमार गुप्ता अपने पार्टनर गौरव मोहन गुप्ता के साथ जवान ईंट उद्योग एवं ओम ईंट उद्योग के नाम से ईंट भट्ठा संचालित करते हैं। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2021-22 में हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गंगचौली, चौकी लाढ़पुर निवासी राजू ने भट्ठे पर कच्ची ईंट की बुग्गी से ढुलाई और पक्की ईंट की निकासी का ठेका लिया था। इसके लिए आठ बुग्गी और 13 निकासी मजदूर तय किए गए थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ठेके के एवज में राजू ने उनसे 7 लाख 83 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद काम शुरू होने पर वह भट्ठे पर नहीं आया और काम को लेकर आनाकानी करने लगा। पीड़ित ने जब रकम वापस मांगी तो आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई और पैसे वापस न मिलने की बात कही गई। पीड़ित का कहना है कि रकम की धोखाधड़ी के कारण ईंट भट्ठे को आर्थिक नुकसान हुआ और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।




