Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 सितम्बर। सादाबाद क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज में कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालीजनों ने रसोई की गैस पाइप खोलकर उसे हादसे में मारने की कोशिश की और इसके बाद गले में फंदा डालकर हत्या का प्रयास किया। मामले में महिला थाने में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जेतई रोड, हनुमान मंदिर के पास निवासी प्रतिभा पुत्री अनिल कुमार राघव के अनुसार उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को मनीष कुमार पुत्र रामकुमार निवासी गांव छज्जूपुर, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़ के साथ हुई थी। पीड़िता का कहना है कि शादी में उसके पिता ने करीब 25 लाख रुपये खर्च कर दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद पति मनीष, सास और ससुर दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और पति के एनआरआई होने की बात कहकर कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने का आरोप है। विवाहिता के अनुसार 25 अक्टूबर 2025 को उसने मायके में बेटी नक्षिता को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद ससुरालीजनों का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया और उसे दूसरी शादी करने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 27 मई 2026 की शाम ससुरालीजनों ने षडयंत्र के तहत रसोई की गैस पाइप खोल दी, जिससे गैस का रिसाव होने लगा। हालांकि समय रहते उसे इसकी जानकारी हो गई और उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोप है कि ससुरालीजनों ने उसके गले में फंदा डालकर भी हत्या करने का प्रयास किया। पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद उसे बचाया जा सका। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालीजनों ने उसकी नवजात बेटी को भी उसे नहीं दिया। 28 मई की सुबह करीब छह बजे जब वह बेटी को लेने पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई और कार में बैठाकर जेतई रोड पर छोड़ दिया गया। पीड़िता के अनुसार मनोज और किशनपाल ने उसे वहां देखा और उसकी मदद की।

मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने का आरोप

पीड़िता ने अपने पति पर साइबर अपराध का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति ने उसका मोबाइल, जीमेल और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उनके पासवर्ड बदल दिए। इसके बाद उसके नाम से आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर महिला थाने में पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page