Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 नवंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों और निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदीय अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्तमान में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से संबंधित कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए जनपदीय अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी के साथ-साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को क्षेत्रीय भ्रमण एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान कुछ अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं कुछ अधिकारी बिना अनुमति अवकाश पर थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस स्थिति को अनुचित बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में निर्वाचन संबंधी सौंपे गए सभी दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी जनपदीय अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। निर्देशों की अवहेलना किए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के अंतर्गत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जो अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page