
हाथरस 1 नवंबर। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय वार्ष्णेय महिला एसोसिएशन की ओर से शहर के एक रेस्टोरेंट में भव्य दीपोत्सव एवं डांडिया-गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में महिलाओं ने दीपों की जगमगाहट के बीच नृत्य, संगीत, मनोरंजक खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का जमकर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरा आयोजन स्थल दीपावली के उल्लास और उत्सवी रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ हुई। इसके बाद डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। संस्था की सदस्याओं ने आकर्षक डांडिया परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया। पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।
समारोह में मनोरंजन के लिए पटाखा क्वीन प्रतियोगिता, हाउजी और विभिन्न प्रकार के रोचक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी सदस्याओं को रिटर्न गिफ्ट भी भेंट किए गए। इस दौरान महिलाओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का संचालन संस्था की अध्यक्ष कल्पना वासनी ने किया। वहीं आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में जिला अध्यक्ष डिंपल वार्ष्णेय और जिला महामंत्री श्वेता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के दौरान संस्था की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें आशु वार्ष्णेय को नगर अध्यक्ष और उपमा वार्ष्णेय को नगर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कल्पना वार्ष्णेय को जिला सह महामंत्री का दायित्व प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कल्पना, मधु, रेनू, प्रियांशी, नीलम, अर्चना, चित्रा, मंजू, पूजा, सुनीता, अंजू, राधा, इंद्रा, साधना, लक्ष्मी और हिमानी सहित संस्था की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ समारोह का समापन किया।








