
हाथरस 03 नवंबर। युवाओं में लोकतांत्रिक समझ, तार्किक क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, हाथरस (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ (एक राष्ट्र, एक चुनाव) रहा। इसमें जनपद के 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए इस विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार एवं तर्क प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजेश दिवाकर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत हाथरस मनीष कुमार ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर तार्किक एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. रण सिंह, डॉ. मृदुल, डॉ. ललितेश, डॉ. राघवेन्द्र एवं अश्विनी चौधरी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने युवाओं की विषय पर समझ, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण शैली और तार्किक क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, अंजलि ने द्वितीय और साधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के अंत में शिवम चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, महाविद्यालय प्रशासन और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन मेरा युवा भारत, हाथरस के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के सक्रिय सहयोग एवं समर्पण से संपन्न हुआ।









