Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 29 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी के तत्वावधान में स्थानीय वाल्मीकि बस्ती स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में हितचिंतक अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विहिप के प्रांत सेवा टोली सदस्य विद्या भूषण गर्ग ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने विहिप पदाधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि हितचिंतक अभियान केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि समाज के लोगों के बीच संवाद स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति और मर्यादा का आधार बताते हुए रामायण की रचना में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने सनातन संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में वाल्मीकि समाज की भूमिका की सराहना की।

प्रखंड मातृशक्ति संयोजिका प्रगति वार्ष्णेय ने सामाजिक एकता और समरसता पर जोर देते हुए कहा कि संपूर्ण हिंदू समाज एक परिवार है, जहां कोई छोटा या बड़ा नहीं है। उन्होंने ‘हिंदवाः सोदराः सर्वे, न हिंदू पतितो भवेत्’ मंत्र का उल्लेख करते हुए आपसी भेदभाव समाप्त करने का आह्वान किया। प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने कहा कि हितचिंतक बनने का अर्थ धर्म, संस्कृति, मंदिरों, गौमाता और समाज के हितों के प्रति जागरूक रहना है। यह अभियान समाज में आपसी भेदभाव दूर कर लोगों को संगठित करने का माध्यम है।

वहीं प्रखंड सत्संग प्रमुख राजू माहौर ने संगठन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और उनमें महर्षि वाल्मीकि एवं प्रभु श्रीराम के संस्कार विकसित करने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम में दीपेश वार्ष्णेय, राजा बाबू, अनिल, सोनू, शिवम, निर्मल, योगेश सहित वाल्मीकि समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page