Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 27 नवम्बर। क्षेत्र में मजदूरी के दौरान एक 14 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। किशोरी के पिता ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई है। मामले में शुक्रवार को पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इगलास क्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूर ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है और उसकी 14 वर्षीय बेटी अर्चना भी उसके साथ काम पर जाती थी। 25 नवंबर को वह मुरसान की दुलारी चौकी के पास गैस एजेंसी रोड पर मजदूरी कर रहा था। इस दौरान उसकी बेटी पास में ही बैठी हुई थी। दोपहर करीब 3:30 बजे वह चाय लेने मुरसान बाजार चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो बेटी मौके से गायब थी।

पिता ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। उसने पुलिस को बताया कि लापता अर्चना की लंबाई करीब पांच फुट है। उसका रंग गोरा और चेहरा गोल है। घटना के समय उसने नीली पैंट, सफेद शर्ट और लाल चप्पल पहन रखी थी। उसके पास मोबाइल फोन भी था। पिता ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द उसकी तलाश कर सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page