Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 नवंबर। उत्तर प्रदेश बीवीजी रामजी कर्मचारी महासंघ (पूर्ववर्ती मनरेगा) के आह्वान पर शुक्रवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बाइक रैली निकाली। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और लेखाकार सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारी हतीसा पुल से बाइक रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, लेकिन उनकी व्यस्तता के चलते कलेक्ट्रेट के ओसी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने छह प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को एक्सपो मैदान में की गई घोषणा को पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि करने, मानव संसाधन नीति (एचआर पॉलिसी) लागू करने और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा जनपदों के होल्डिंग खातों में कर्मचारियों का कई वर्षों से लंबित ईपीएफ जमा कराने तथा मानदेय भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इन्हें पूरा किया जाना जरूरी है। रैली के माध्यम से उन्होंने सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की। इस दौरान बीवीजी रामजी संघर्ष समिति के जिला एवं मंडल अध्यक्ष राहुल कौशिक, रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष मुकेश बाबू, कार्यवाहक अध्यक्ष रविकांत शर्मा, बीवीजी रामजी केंद्रीय कमेटी के सदस्य दिनेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता तथा तकनीकी सहायक संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। इनके अलावा नागेंद्र सिंह, दुष्यंत राना, दानेश सिंह पौरुष, जमील अहमद, अशोक कुमार, भूपेंद्र शर्मा, सुरेंद्र सिंह, यतेंद्र सिंह, गगन कुमार, गोपाल शर्मा, राजेंद्र सिंह, रामगोपाल पाठक, गीता मिश्रा, रवि ठेनुआ, अंशुल भारद्वाज, रवि बाबू, अनिल कुमार, लालता प्रसाद, सत्यप्रकाश पोनिया और राकेश कुमार सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने रैली में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page