Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 27 नवंबर। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान की निर्धारित समयसीमा नजदीक आ गई है। 16 नवंबर से शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी और अब इसके लिए केवल तीन दिन शेष हैं। इसे देखते हुए अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त ओपी आर्य, आईएएस ने अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों के नागरिकों से अपील की है कि वे बिना विलंब अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना पूरी कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। मंडलायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना का कार्य नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य के विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, संसाधनों के उचित वितरण और जनआवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक नागरिक और परिवार द्वारा सही जानकारी उपलब्ध कराना राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के समान है।

उन्होंने बताया कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर स्व-गणना कर सकते हैं। यह प्रक्रिया नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से जनगणना में भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। मंडलायुक्त ने विशेष रूप से अपील की कि अंतिम तिथि 30 नवंबर का इंतजार न करें, बल्कि अगले तीन दिनों में ही स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही परिवार के सदस्यों, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना-2027 के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक परिवार की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्व-गणना पूरी करें और देश के विकास की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page