Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 27 नवंबर। पोषण अभियान के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं मुख्य सेविकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान जीपीएस युक्त फोटो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की बैठक में डीएम ने पुष्टाहार वितरण की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध आपूर्ति और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले हॉट कुक्ड मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इसमें विभागीय स्थापना, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका भर्ती, पोषण ट्रैकर एप, जनपद में चिह्नित कुपोषित बच्चे, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), आंगनबाड़ी भवन निर्माण, केंद्रों का कायाकल्प, लर्निंग लैब, नवीन अनुपूरक पुस्तकें, पोषण आहार व्यवस्था, हॉट कुक्ड मील योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल रहीं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय कार्य पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किए जाएं। कार्यों में शिथिलता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया को लेकर डीएम ने निर्धारित मानकों और आरक्षण के प्रावधानों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों के निर्धारण के साथ वर्गवार एवं भर्तीवार रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। आने वाली पीढ़ियों का स्वास्थ्य और पोषण स्तर बेहतर होगा, तभी समाज एवं देश का समग्र विकास संभव है। इसके लिए गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पुष्टाहार उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और एनीमिया से बचाव के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के वजन और लंबाई तथा गर्भवती महिलाओं के वजन की नियमित माप कराने और उसका विवरण पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। उन्होंने पुष्टाहार गोदामों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक सामग्री की समयबद्ध आपूर्ति तथा पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण ट्रैकर एप पर सभी आवश्यक सूचनाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध फीडिंग कराने और विभागीय अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), सुपरवाइजर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page