
हाथरस 26 नवंबर। आबकारी विभाग की टीम ने देशी शराब और कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक सघन निरीक्षण किया। जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने स्टाफ के साथ विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया। इसके साथ ही रैंडम आधार पर मदिरा की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर उनका सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान शराब विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि पीओएस मशीन के माध्यम से मदिरा की शत-प्रतिशत स्कैनिंग करने के बाद ही बिक्री करें। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक और बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा निर्धारित नियमों का पालन कराना है।










