Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर शासन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब भेज दिया है। शासन ने निविदा प्रक्रिया में तकनीकी मूल्यांकन किए बिना वित्तीय मूल्यांकन के लिए तुलनात्मक चार्ट तैयार करने और एल-1 फर्म के चयन पर सवाल उठाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। शासन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया था कि नगर पालिका द्वारा निविदा प्रक्रिया में वित्तीय नियमों का पालन नहीं किया गया। नोटिस के अनुसार, प्रक्रिया में शामिल तीनों फर्म तकनीकी मूल्यांकन में अयोग्य थीं, इसके बावजूद पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर भी उन्हें वित्तीय मूल्यांकन के लिए सफल घोषित कर दिया गया। इसके बाद डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य मैसर्स ब्लैक इंफ्राटेक, थूलगढ़ी, कुरसंडा (सादाबाद) को सौंपा गया था। शासन ने संबंधित फर्म के बिलों के भुगतान के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से जारी किए गए 22 लाख 45 हजार 810 रुपये के भुगतान पर भी सवाल उठाए थे। इसे वित्तीय अनियमितता से जुड़ा मामला मानते हुए पालिकाध्यक्ष से जवाब मांगा गया था।

शासन को भेजे गए अपने जवाब में पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पालिकाध्यक्ष जनता द्वारा चुना गया जनप्रतिनिधि होता है, जबकि नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी वित्तीय नियमों एवं शासनादेशों की जानकारी रखते हैं। अधिकारियों की सिफारिश के बाद नगर पालिका अधिनियम-1916 के तहत अध्यक्ष के स्तर से अंतिम मंजूरी दी जाती है। उन्होंने अपने जवाब में यह भी उल्लेख किया है कि जिलाधिकारी स्तर पर गठित जांच समिति ने 26 नवंबर 2024 को इस मामले की जांच की थी। उनके अनुसार, उस जांच में उनके स्तर से किसी अनियमितता का उल्लेख नहीं किया गया था। श्वेता चौधरी ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी ने संबंधित मामले में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनका नाम भी गलत तरीके से दोषियों की सूची में शामिल कर भेज दिया। उन्होंने अपने जवाब में स्पष्ट किया है कि वह इस प्रकरण में दोषी नहीं हैं। अब शासन की ओर से पालिकाध्यक्ष के जवाब पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नगर पालिका से जुड़े लोगों की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page