Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। कलेक्ट्रेट सभागार में पोषण अभियान के अंतर्गत जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति के साथ पोषण संबंधी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के वजन और लंबाई तथा गर्भवती महिलाओं के वजन की नियमित माप कराने और सभी विवरण पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पुष्टाहार गोदामों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक पोषाहार की समय से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पुष्टाहार वितरित कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग का मुख्य उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है। इसके लिए लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और एनीमिया से बचाव के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है।

डीएम ने बच्चों के समुचित विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड मील योजना के तहत बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने तथा योजना के अंतर्गत हुए वितरण की माहवार रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। इससे योजना के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर एप पर सभी आवश्यक सूचनाओं की फीडिंग गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने तथा संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी केंद्रों पर पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल की सुविधा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अब तक पाइपलाइन से आच्छादित आंगनबाड़ी केंद्रों और ऐसे केंद्रों, जहां अभी पेयजल की पाइपलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी अलग-अलग सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), सुपरवाइजर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page