Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने 26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त अनुभाग प्रभारियों एवं पटल सहायकों के साथ बैठक कर विभिन्न अनुभागों के कार्यों, उनकी प्रगति और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अनुभाग प्रभारी अपने-अपने अनुभाग में लंबित पत्रावलियों और प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। कार्यालय में प्राप्त होने वाले पत्रों और संदर्भों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने पटल सहायकों को निर्देश दिए कि अपने पटल से संबंधित अभिलेखों और पत्रावलियों को सुव्यवस्थित रखें तथा उनमें नियमित रूप से अद्यतन प्रविष्टियां दर्ज करें। शासन और उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का समय से अनुपालन करते हुए निर्धारित अवधि में अनुपालन आख्या उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के साथ ही विभिन्न अनुभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली, नगर पालिका एवं नगर पंचायत से संबंधित प्रकरणों, संपत्ति रजिस्टर, जन सूचना एवं शिकायतों के निस्तारण, स्टांप एवं बैनामा, धारा 107/116, सीमा विस्तार से जुड़े मामलों, शस्त्र दुकानों के सत्यापन एवं निरीक्षण तथा शस्त्र लाइसेंस से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पटल सहायकों से उनके कार्यों और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक तथा प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट प्रथम एवं तृतीय को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर संबंधित पटलों का निरीक्षण करें और पटल सहायकों से कार्यों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की आख्या लेकर समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि बैठकों से पहले सभी अनुभाग प्रभारी पटलवार पूरी तैयारी के साथ निर्धारित प्रारूप में बुकलेट तैयार कर समय से उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पटल के कार्यों और लंबित मामलों की प्रभावी समीक्षा की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अनुभाग प्रभारी एवं संबंधित पटल सहायक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page