
हाथरस (मुरसान) 26 नवंबर। पद्मश्री काका हाथरसी के पौत्र अशोक गर्ग ने मुरसान स्थित जी.एस.ए.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन का जीर्णोद्धार कराकर उसे नया स्वरूप प्रदान किया है। इस सराहनीय कार्य के लिए विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सुसज्जित अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। देर शाम तक चले समारोह में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि अशोक गर्ग ने मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हाथरस का नाम देश-विदेश में अपनी हास्य-व्यंग्य की कविताओं से रोशन करने वाले हास्य महर्षि काका हाथरसी शिक्षा को बढ़ावा देने के पक्षधर थे। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से संगीत विषय के विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने के साथ ही सैकड़ों पुस्तकों का प्रकाशन कराया, जिनसे विद्यार्थियों को शैक्षिक लाभ मिला।
अशोक गर्ग ने कहा कि काका हाथरसी की प्रेरणा से उन्होंने विद्यालय की जर्जर इमारत की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण कराया है, ताकि छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त हो सके। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं, उनकी शिक्षिकाओं और विभिन्न कक्षाओं की मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार एवं उपयोगी उपहार देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अहिंसा नाइटेंगल आर्य ने अशोक गर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विशेष आर्थिक सहयोग से विद्यालय का जर्जर भवन अब नए स्वरूप में नजर आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए शैक्षिक सत्र से विद्यालय में छात्राओं की संख्या में वृद्धि होगी और उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रधानाचार्या ने विद्यालय के पूर्व प्रबंधक एवं एसडीएम सदर श्री राजबहादुर सिंह का भी आभार जताया। समारोह में मुरसान और हाथरस जनपद क्षेत्र की अनेक गणमान्य विभूतियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए अशोक गर्ग के प्रयास की सराहना की।










