Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। चुनाव समिति के अनुसार, एसोसिएशन का चुनाव 15 दिसंबर को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिवत संपन्न कराया जाएगा। चुनाव में कुल 727 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 नवंबर को दोपहर एक बजे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा 727 मतदाता अधिवक्ताओं की सूची चुनाव समिति को उपलब्ध कराई गई थी। समिति ने सर्वसम्मति से चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करते हुए 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक नामांकन की तिथि तय की है। इसके बाद 3 दिसंबर को नामांकन पत्रों पर आपत्ति एवं जांच की जाएगी, जबकि 4 दिसंबर को नाम वापसी होगी। मतदान, नामांकन, आपत्ति और नाम वापसी की समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

चुनाव समिति ने स्पष्ट किया है कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की ओर से उपलब्ध कराई गई मतदाता सूची को अंतिम सूची माना जाएगा। चुनाव समिति किसी भी अधिवक्ता का मताधिकार न तो सृजित करेगी और न ही किसी का नाम मतदाता सूची से विलोपित करेगी। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय और बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में इस बार चुनाव में महिलाओं के लिए कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय और सह-सचिव तृतीय के पद आरक्षित किए गए हैं। हालांकि, इन पदों पर किसी महिला अधिवक्ता का नामांकन प्राप्त नहीं होने की स्थिति में पुरुष अधिवक्ता का नामांकन भी स्वीकार किया जाएगा। चुनाव समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति पर अधिवक्ता बक्शी विनय कौशिक, मनोज आंधीवाल और राजपाल सिंह दिसवार के हस्ताक्षर हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page